Back

Grand Finale of Antariksh 2026

This event has expired

डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, टनकपुर (संस्थान परिसर – वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय देहरादून), के बहुप्रतीक्षित टेक्नो-सांस्कृतिक एवं खेल महोत्सव “अंतरिक्ष 2K26” का समापन अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वैलेडिक्टरी समारोह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. तृप्ता ठाकुर (कुलपति, वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय) के परिचय से हुआ। इस अवसर पर निदेशक प्रोफेसर हरद्वारी लाल मांडोरिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत शॉल देकर एवं ओम पर्वत की स्मृति-चिह्न भेंट कर किया, जिसके पश्चात पारंपरिक दीप प्रज्वलन किया गया। प्रथम वर्ष की छात्रा श्वेता द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया, वहीं वंदे मातरम् एवं राष्ट्रीय गान ने पूरे परिसर को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। इसके उपरांत वसुधा तिवारी (चतुर्थ वर्ष) द्वारा विश्वविद्यालय कुलगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। वाद्य यंत्र प्रस्तुति, सोलो डांस, सोलो सिंगिंग, ग्रुप डांस, डुएट सिंगिंग एवं अवार्ड वितरण जैसे विविध कार्यक्रमों ने समारोह को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।

समारोह के दौरान निदेशक प्रोफेसर हरद्वारी लाल मांडोरिया ने संस्थान की प्रगति एवं उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए इसे मुख्य अतिथि डॉ. तृप्ता ठाकुर के समक्ष साझा किया। उन्होंने छात्रों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उद्भव राजभवन कार्यक्रम के विजेताओं का विशेष उल्लेख किया।

प्लेसमेंट के क्षेत्र में भी संस्थान ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की, जहाँ Prodesk IT द्वारा 6 छात्रों का चयन किया गया, जबकि यांत्रिक एवं सिविल शाखा के 2 विद्यार्थियों ने अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों में स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर “अंतरिक्ष 2K26” की वीडियो झलकियाँ भी प्रस्तुत की गईं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में रितिका महर का सोलो डांस विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, वहीं ‘नच बलिए’ टीम की समूह प्रस्तुति ने “एकता में विविधता” का सशक्त संदेश दिया।तकनीकी इवेंट्स में हैक-अ-डॉक्स में “द बिग ओ” टीम, फॉरेंसिक फाइल्स में “मास्टर्स ऑफ डिडक्शन” तथा BGMI में “सरिया” टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त ग्लिच हंट में “बाइट मी” तथा COC में “नॉर्दर्न एपेक्स” टीम विजेता रही।व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में मिनी मिलिशिया में समीर सेठी, स्नैप स्पार्क्स में रिया, लोगो डिजाइनिंग में आग्रह, पेपर ग्लाइडिंग में विपिन पांडेय, FIFA में रोहित कुमार तथा प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर में अरिंदम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। टेक्नो-सांस्कृतिक क्विज में “अनबीटेबल्स” टीम ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।

समापन सत्र में विभिन्न हाउसेस के समग्र प्रदर्शन के आधार पर रेड हाउस को ओवरऑल विजेता, ब्लू हाउस को प्रथम रनर-अप तथा येलो हाउस को द्वितीय रनर-अप घोषित किया गया।व्यक्तिगत श्रेणी में बालक वर्ग में आशीष जोशी एवं बालिका वर्ग में कुमकुम को ‘बेस्ट प्लेयर’ पुरस्कार प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर परिश्रम एवं आत्मविश्वास बनाए रखने का संदेश दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया।

मुख्य अतिथि द्वारा संस्थान में नव स्थापित इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर निदेशक प्रोफेसर हरद्वारी लाल मांडोरिया भी उपस्थित रहे। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने 100-बेड क्षमता वाले बालिका छात्रावास, पुस्तकालय एवं विभिन्न प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर संस्थान की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की।

मुख्य अतिथि डॉ. तृप्ता ठाकुर द्वारा उद्घाटित यह इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब बी.टेक विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक एवं प्रोजेक्ट-आधारित अध्ययन का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगी। इस लैब में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) एवं रोबोटिक्स जैसी तकनीकों पर कार्य किया जाएगा, जहाँ छात्र सेंसर, माइक्रोकंट्रोलर एवं सॉफ्टवेयर टूल्स की सहायता से रियल-टाइम प्रोजेक्ट्स विकसित करेंगे। विद्यार्थी डेटा कलेक्शन, प्रोसेसिंग एवं एनालिसिस के माध्यम से स्मार्ट एप्लिकेशन तैयार करना सीखेंगे, जैसे स्मार्ट होम सिस्टम, ऑटोमेशन प्रोजेक्ट्स एवं प्रेडिक्टिव मॉडल्स। इसके अतिरिक्त, यह लैब इंडस्ट्री-ओरिएंटेड ट्रेनिंग, इनोवेशन एवं रिसर्च को बढ़ावा देगी, जिससे छात्र तकनीकी रूप से दक्ष बनने के साथ-साथ अपनी समस्या-समाधान क्षमता एवं रोजगार-उन्मुख कौशल को भी विकसित कर सकेंगे।

कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के गौरव, बहुमुखी प्रतिभा के धनी एवं ऊर्जावान संचालकों उत्तम तिवारी एवं रुद्रांश जोशी (चतुर्थ वर्ष) द्वारा उत्कृष्ट समन्वय एवं दमदार प्रस्तुति के साथ किया गया, जिनकी प्रभावशाली एंकरिंग ने पूरे समारोह को विशिष्ट ऊँचाइयों तक पहुँचाया।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए संकाय सदस्यों, सहायक स्टाफ, समन्वयकों, छात्र प्रतिभागियों, मीडिया टीम तथा तकनीकी टीम के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Start Time

9:00 am

April 4, 2026

Finish Time

5:00 pm

April 4, 2026

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *