Back

Kshitij- 2026

This event has expired

टनकपुर। डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान, टनकपुर में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में “क्षितिज-2026” विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. हरद्वारी लाल मंडोरिया, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत संबोधन एवं स्वागत वीडियो प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके पश्चात वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष के छात्र अंकित जोशी एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष की छात्रा वसुधा तिवारी ने अपने गीतों की प्रस्तुति से समारोह में विशेष उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बनाया, जबकि सिविल इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष के छात्र रोहित चंद्र जोशी ने अपनी प्रभावशाली शायरी से उपस्थित सभी लोगों की खूब सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मनोरंजक खेलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं रैम्प वॉक का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास एवं प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समारोह को यादगार बना दिया। जूनियर एवं सीनियर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।

समारोह में आयोजित प्रतियोगिताओं एवं चयन प्रक्रियाओं के उपरांत कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष के छात्र उत्तम तिवारी को “मिस्टर फेयरवेल-2026” तथा रिया कनियाल को “मिस फेयरवेल-2026” के खिताब से सम्मानित किया गया। वहीं अमित यादव को “मिस्टर ईव-2026” एवं अंकिता पाण्डेय को “मिस ईव-2026” चुना गया।

अपने संबोधन में संस्थान के निदेशक प्रो. हरद्वारी लाल मंडोरिया ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान में अर्जित ज्ञान, अनुशासन एवं संस्कार उनके जीवन की सफलता की आधारशिला सिद्ध होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने संस्थान में बिताए गए अपने अनुभवों एवं यादों को साझा किया। डीजे नाइट एवं उत्सव के साथ संपन्न हुआ यह समारोह विद्यार्थियों के लिए भावनात्मक एवं अविस्मरणीय अनुभव बन गया।

“क्षितिज-2026” केवल एक विदाई समारोह नहीं था, बल्कि मित्रता, उपलब्धियों और नई शुरुआतों का उत्सव था, जिसने सभी के हृदय में अविस्मरणीय स्मृतियां छोड़ दीं।

Start Time

10:00 am

June 5, 2026

Finish Time

5:00 pm

June 5, 2026

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *