
Induction programme 2026
जिलाधिकारी चम्पावत ने AKGIT में विद्यार्थियों को दिया समाज के विकास में इंजीनियरों की भूमिका पर प्रेरणादायी व्याख्यान
दिनांक 22 अगस्त 2026 को वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी संस्थान देहरादून के परिसर संस्थान डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान (AKGIT), टनकपुर में चल रहे बी.टेक प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के इंडक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत शनिवार को विशेषज्ञ व्याख्यान सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चम्पावत के जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बतौर विशेषज्ञ सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों को “Role of Engineers in the Development of Society” विषय पर प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को बताया कि इंजीनियर केवल तकनीकी समस्याओं का समाधान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला जिम्मेदार नागरिक भी होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, नवाचार, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ संवाद करते हुए उनके प्रश्नों का उत्तर दिया तथा करियर काउंसलिंग एवं भविष्य की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रभावी स्टडी स्ट्रेटेजी बनाने, समय का सदुपयोग करने, नियमित अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य के अनुरूप निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने रुचि के क्षेत्र की पहचान कर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संस्थान में निर्माणाधीन महिला छात्रावास का भी दौरा किया। यह छात्रावास 01 सितम्बर 2026 को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उद्घाटित किया जाना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने छात्रावास में चल रही तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं संस्थान के अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्रावास के सुचारु संचालन एवं विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों का भी निरीक्षण किया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के निदेशक प्रो. हरद्वारी लाल मंडोरिया ने जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार का संस्थान में पधारने एवं विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए आभार व्यक्त किया। निदेशक महोदय द्वारा जिलाधिकारी को शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम ने बी.टेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने, बेहतर करियर की दिशा निर्धारित करने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए अनुशासित एवं योजनाबद्ध प्रयास करने की प्रेरणा प्रदान की।


